
मल्हार । विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर नगर पंचायत मल्हार में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पंचायत द्वारा चंद्रा इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अभाव फाउंडेशन मल्हार के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त करना और आगामी पीढ़ी के लिए हरित विरासत छोड़ना था।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री सुशील राजा चौबे ने किया। उन्होंने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि – “हर हाथ में पौधा और हर मन में पर्यावरण बचाने का संकल्प समय की आवश्यकता है। यदि हम आज हरियाली को बचाने के लिए एकजुट नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मैं चंद्रा इंफ्रास्ट्रक्चर और अभाव फाउंडेशन का विशेष आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।” उन्होंने आगे यह भी कहा कि नगर पंचायत ऐसे आयोजनों को सतत रूप से करते रहने के लिए प्रतिबद्ध है।
पौधारोपण कार्यक्रम में नगर के पार्षदगण व विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पार्षदों में विशेष रूप से कमलेश सिंह गोलू, रमेश यादव, गीता मनराखन केवट, गायत्री रज्जू देवार, रामफल कांत, प्रमोद थवाईत, कुसुमलता रंजन साहू, मिलु केवट व जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं में धर्मेन्द्र सिंह, चेतन तिवारी, अरविंद्र साहू, जोगेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश तिवारी जैसे नाम प्रमुखता से सामने आए, जिन्होंने पूरे मनोयोग से पौधारोपण में भाग लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (C.M.O.) श्री मनीष सिंह तथा समस्त विभागीय कर्मचारी भी पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ उपस्थित रहे। सभी कर्मचारियों ने पर्यावरण दिवस के इस आयोजन को अपना दायित्व मानते हुए सक्रिय भूमिका निभाई और पौधों के रोपण से लेकर संरक्षण तक की रणनीति बनाई। कार्यक्रम के दौरान पौधों के चयन से लेकर स्थान निर्धारण तक की समुचित व्यवस्था की गई थी।
चंद्रा इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अभाव फाउंडेशन ने न केवल पौधों की व्यवस्था की, बल्कि उनके रोपण और देखरेख की समर्पित योजना भी प्रस्तुत की। संस्था के स्वयंसेवकों ने नागरिकों को पौधों के महत्व, उनके वैज्ञानिक गुणों और नियमित देखरेख की विधियों पर जानकारी दी। इस दौरान पीपल, नीम, अर्जुन, करंज, आम, अशोक, अमरूद जैसे फलदार, छायादार और औषधीय पौधे रोपे गए, जिनका चयन जलवायु और क्षेत्रीय भूगोल को ध्यान में रखते हुए किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम के अंत में सभी नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई और यह संकल्प लिया गया कि हर नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य रोपेगा और उसकी देखरेख करेगा। नगर उपाध्यक्ष का कहना है कि आगामी महीनों में नगर के विभिन्न वार्डों में ‘एक घर – एक पौधा’ अभियान चलाया जाएगा। नगर पंचायत मल्हार का यह सराहनीय प्रयास आने वाले समय में पूरे नगर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।