
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अनुसूचित जाति विभाग की नेशनल एग्जीक्यूटिव मीटिंग दिल्ली स्थित इंदिरा भवन, कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेन्द्र पाल गौतम जी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
बैठक में देशभर के राष्ट्रीय समन्वयक एवं सभी प्रदेशों के अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक न्याय, दलित समाज के अधिकारों और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
राहुल गांधी की एक आवाज पर उमड़ा जनसैलाब
बैठक को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि देश में राहुल गांधी जी की एक आवाज पर लाखों लोगों का ऐतिहासिक जनसमर्थन दिल्ली के रामलीला मैदान में देखने को मिला। यह इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता संविधान और लोकतंत्र के साथ खड़ी है।
छत्तीसगढ़ में जल्द बनेगी मजबूत कार्यकारिणी
छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक राजवाल ने बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ – देश बचाओ’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से आए कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की जानकारी दी। उन्होंने विगत दिनों प्रदेश में हुई बैठकों और कार्यक्रमों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।
अशोक राजवाल ने कहा, “संविधान की रक्षा हमारा प्रथम दायित्व है। बहुत जल्द प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के लिए प्रदेश का दौरा किया जाएगा। सक्रिय और योग्य कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और संविधान की रक्षा के लिए एक मजबूत टीम का गठन किया जाएगा।”
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि सामाजिक न्याय की स्थापना, संविधान की रक्षा और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।



