बिलासपुर

जांजगीर-नैला में नहर किनारे विराजे सिद्ध नहरिया बाबा, 39 साल से पूरी कर रहे भक्तों की मन्नतें

संपादक चन्द्रकांत कुपेन्द्र

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे और नहर के पास स्थित सिद्ध नहरिया बाबा मंदिर आज आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है। जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन से महज 300 मीटर दूर स्थित इस हनुमान मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं। नहर किनारे होने के कारण ही भक्त इन्हें नहरिया बाबा के नाम से पुकारते हैं।

1984 में स्वप्न से हुई थी शुरुआत

मंदिर के इतिहास के बारे में सेवा समिति के अध्यक्ष निवास अग्रवाल बताते हैं कि 1984 में नैला में नहर निर्माण का काम चल रहा था। सिंचाई विभाग के चौकीदार शंकर लाल यादव, जिन्हें सब शंकर बाबा कहते थे, को रात में स्वप्न आया कि रेल लाइन किनारे हनुमान जी विराजमान हैं।

मंदिर के पुजारी अशोक कुमार दुबे के अनुसार मुंबई-हावड़ा मार्ग पर नैला और चांपा के बीच उस समय आत्महत्या के मामले बहुत आते थे। शंकर बाबा की रात में ड्यूटी लगती थी। एक रात उन्हें ट्रैक किनारे पत्थर की मूर्ति नजर आई और उन्होंने वहीं पीपल के पेड़ के नीचे पूजा शुरू कर दी। इसके बाद ट्रैक पर होने वाली घटनाएं कम होने लगीं और लोगों की आस्था बढ़ती गई।

एक नहीं, दो हैं मंदिर

तीसरी रेल लाइन के विस्तार के दौरान रेलवे ने मंदिर हटाने का निर्देश दिया था। तब 1999 में ट्रैक से हटकर बड़ा मंदिर बनाया गया, लेकिन बाद में रेलवे ने हटाने का फैसला वापस ले लिया। इस तरह आज यहाँ दो मंदिर हैं — पुरानी प्रतिमा आज भी रेल लाइन किनारे यथावत है।

नारियल बांधकर मांगी जाती है मन्नत

मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा से आने वाले भक्तों की मनोकामना यहाँ पूरी होती है। भक्त मंदिर परिसर में नारियल बांधकर अर्जी लगाते हैं और मन्नत पूरी होने पर उसी नारियल को नहर में प्रवाहित करते हैं।

नैला स्थित नहरिया बाबा पिछले 39 साल से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहाँ 22 साल से रामचरितमानस महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। 2001 से हर साल हनुमान जयंती पर 8 से 10 दिन का मानस महायज्ञ और संत सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। नए साल और हनुमान जयंती पर यहाँ भंडारा, भजन-कीर्तन और विशाल मेले का आयोजन होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button