
बिलासपुर / मस्तूरी। मस्तूरी विकासखंड के किसानों की खरीफ फसल को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने सक्रियता दिखाई है। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर को पत्र लिखकर खारंग जलाशय से नहरों में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की है।
पत्र में दामोदर कांत ने उल्लेख किया है कि मस्तूरी क्षेत्र के किसानों को खरीफ फसल के लिए समय पर सिंचाई जल की आवश्यकता है। नहरों के अंतिम छोर (टेल पोर्शन) तक पानी पहुंचने में समय लगता है, इसलिए अभी से पानी छोड़ना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण खारंग जलाशय में पर्याप्त जलभराव है और बांध से पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है। ऐसी स्थिति में नहरों में पानी छोड़ने से जल का सदुपयोग भी होगा और किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा भी मिल जाएगी।
उन्होंने जिलाध्यक्ष से अनुरोध किया है कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर तत्काल नहरों में पानी छुड़वाया जाए ताकि किसानों को परेशानी न हो।



