बिलासपुर

एलसीआईटी कॉलेज में ‘वेनिस कार्निवल – द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन, आईजी रामगोपाल गर्ग ने दिए सफलता के मंत्र

बिलासपुर। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत हेतु ‘वेनिस कार्निवल – द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया।

बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग (IPS) कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत के साथ हुआ। महाविद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि का श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में आईजी श्री गर्ग ने कहा कि UPSC, CGPSC जैसी प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं में इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र व भाषाओं जैसे मानविकी विषयों की अहम भूमिका है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के 5 मूल मंत्र दिए –
1. दूसरों की लकीर छोटी करने के बजाय अपनी लकीर बड़ी करो। 2. ज्ञान बांटने से बढ़ता है, इसलिए सहयोग की भावना रखो। 3. पहचान सिर्फ अंकों से नहीं, चरित्र और अनुशासन से बनती है। 4. कठिन परिश्रम के साथ स्मार्ट वर्क और सही रणनीति जरूरी है। 5. समय अमूल्य है, इसका सदुपयोग करो।
आईजी श्री गर्ग ने युवाओं से टू-व्हीलर चलाते समय चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि रिसर्च सिर्फ साइंस तक सीमित नहीं है, समाजशास्त्र के विद्यार्थी नशा व ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों पर शोध कर सरकार की नीति-निर्माण में मदद कर सकते हैं। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में एलसीआईटी के चेयरमैन श्री प्रमोद जैन, ट्रस्टी मैडम, उपकार सर, अभिनव सर सहित सभी विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। अंत में चेयरमैन श्री प्रमोद जैन ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button