बिलासपुर

कोनी पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी के 3 मामलों का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पकड़ा

4.81 लाख का मशरूका बरामद, रात में ताला तोड़कर देते थे वारदात को अंजाम

बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 81 हजार रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार थाना कोनी क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों द्वारा रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सूने मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी की गई थी। प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 469/2026, 503/2026 एवं 512/2026 धारा 331(3), 305(a), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, एएसपी शहर पंकज कुमार पटेल और सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को घुटकू से हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपी –
1. राहुल यादव पिता दिनेश यादव उम्र 22 वर्ष, निवासी महामाया पारा यादव मोहल्ला, घुटकू 2. भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया पिता स्व. इतवारी वर्मा उम्र 20 वर्ष, निवासी बस स्टैंड के पास, घुटकू 3. राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव पिता सरजू प्रसाद यादव उम्र 28 वर्ष, निवासी गोदामपारा, घुटकू
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे रात में ताला तोड़कर घर में घुसते थे और जेवर, नकदी व अन्य सामान चुरा लेते थे।

बरामद मशरूका –
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1 किलो 190 ग्राम चांदी के आभूषण, 12 ग्राम सोने के आभूषण, 2 मोटरसाइकिल, 1 ओप्पो मोबाइल फोन, 6700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है। कुल बरामद मशरूका की कीमत 4,81,488 रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाल अपचारी को किशोर न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया है। कोनी पुलिस ने तीनों मामलों में शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button