
पचपेड़ी पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को ठगी से बचने के बताए उपाय
बहतरा, मस्तूरी। पचपेड़ी थाना पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत बहतरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग किस तरह लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते हैं।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए कहा –
• किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। • किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, एटीएम/डेबिट कार्ड नंबर, CVV, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी साझा न करें। • लॉटरी लगने, लोन पास होने या नौकरी लगने जैसे लालच भरे फोन कॉल और मैसेज से सावधान रहें।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराएं नहीं, बल्कि 24 घंटे के भीतर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम को होल्ड कर वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
इस दौरान ग्रामीणों ने साइबर अपराध से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में एसआई प्रियंका सिंह ठाकुर, दिनेश कुमार, योगेंद्र खूंटे, आकाश खूंटे सहित पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



