बिलासपुर

ठाकुरदेव में राशन घोटाला : 2 महीने की एंट्री, 1 महीने का चावल

बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत ठाकुरदेव में सरकारी राशन दुकान में बड़ा घोटाला सामने आया है।

ग्राम पंचायत ठाकुरदेव में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन जय श्री राधे कृष्णा स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने समूह और दुकान में पदस्थ विक्रेता पर गंभीर लापरवाही और चावल घोटाले का आरोप लगाया है।

मामला तब उजागर हुआ जब एक ग्रामीण चावल लेने सोसाइटी पहुंचा। आरोप है कि विक्रेता द्वारा राशन कार्ड में 2 महीने की एंट्री करने के बाद सिर्फ 1 महीने का चावल दिया जा रहा था। ग्रामीण द्वारा विरोध करने और सवाल पूछने पर कि जब 2 महीने का चावल मिल रहा है तो 1 महीने का क्यों दिया जा रहा है, तो विक्रेता ने कहा कि दोनों महीने का देंगे।

ग्रामीण का कहना है कि यह गड़बड़ी सिर्फ उसके साथ नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोगों के साथ की जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर ग्रामीण ने इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

इस घोटाले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, सोसाइटी में चावल वितरण के लिए बार-बार सेल्समैन बदले जाते हैं, जिससे गड़बड़ी की आशंका और बढ़ जाती है। दो ग्रामीणों ने खुलकर बयान दिया है कि सोसाइटी में लंबे समय से चावल घोटाला चल रहा है।

जब इस मामले में समिति के अध्यक्ष और साथ में खड़ी महिला सदस्य से बयान लिया गया तो दोनों ने अपना पल्ला झाड़ लिया। अध्यक्ष का कहना था कि उन्हें पता ही नहीं था कि 2 महीने का चावल देना है। जबकि शासन की मशीन में स्पष्ट रूप से बताया जाता है कि हितग्राही को कितने महीने का चावल देना है। ऐसे में अध्यक्ष, सदस्य और सेल्समैन तीनों सवालों के घेरे में हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्या घोटाले को छुपाने के लिए समूह और समिति द्वारा मिलीभगत की जा रही है?

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। दोषी समूह, समिति अध्यक्ष और विक्रेता के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि गरीबों के हक के राशन में हो रही लूट बंद हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button