बिलासपुर

सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में दर्राभाठा में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, 100% जेवर बरामद, 2 गिरफ्तार

संपादक चन्द्रकांत कुपेन्द्र

बिलासपुर / सीपत, 25 अगस्त 2026। थाना सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम दर्राभाठा में हुई लाखों रुपये की चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गए शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी सनत कुमार रात्रे निवासी दर्राभाठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त को सुबह वह एनटीपीसी सीपत काम पर चला गया था, वहीं उसकी पत्नी घर में ताला लगाकर खेत गई थी। दोपहर करीब 11:45 बजे पत्नी घर लौटी तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी के लॉकर में रखे सोने का मंगलसूत्र, 3 लॉकेट, फूली, टॉप्स, चांदी की पैरी, 2 जोड़ी पायल, बिछिया, अंगूठी और 10 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर यादव के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित की। मुखबिर से सूचना मिली कि गांव का ही संदेही दिनेश सोनवानी घटना के समय पीड़ित के घर के आसपास देखा गया था। पूर्व में भी वह चोरी के मामले में चालान हो चुका है।

पुलिस ने दिनेश सोनवानी (31) निवासी दर्राभाठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने ताला तोड़कर जेवरात और नगदी चुराए और पकड़े जाने के डर से माल अपनी सहयोगी सनिता कौशले (37) निवासी सिविल लाइन बिलासपुर के पास छिपा दिया था।

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 7.66 ग्राम सोने के जेवर, 361 ग्राम चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button