
अकलतरा (जांजगीर-चांपा)। अकलतरा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर टीन के मकान में रह रहे एक गरीब परिवार पर पिछले तीन दिनों से हो रही पत्थरबाजी ने पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। पीड़ित परिवार थाने में लिखित शिकायत कर चुका है, लेकिन 19 अक्टूबर तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
मामला अकलतरा थाना क्षेत्र के वार्ड का है, जहां टीन शेड के मकानों में आरती सोनवानी, उनकी बहन दामिनी सोनवानी और दो मासूम बच्चे निवास करते हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्व पिछले तीन दिनों से दिन और रात में उनके घरों पर लगातार पत्थर फेंक रहे हैं।
टीन के कमजोर घर पर पत्थर गिरने से पूरा परिवार दहशत में है। आरती सोनवानी ने बताया कि उनके दोनों बच्चे रात भर डर के मारे सो नहीं पा रहे हैं। उन्हें हर वक्त अनहोनी की आशंका सता रही है। परिवार का कहना है कि यदि पत्थर किसी बच्चे को लग गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
लिखित शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
पीड़ित परिवार द्वारा इस संबंध में अकलतरा थाने में लिखित आवेदन दिया गया है। परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी आज तक पुलिस का कोई भी जवान मौके पर निरीक्षण करने तक नहीं आया है। इससे परिवार और भी ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रहा है।
500 मीटर की दूरी पर सवाल
जब थाने से 500 मीटर की दूरी पर रहने वाले गरीब परिवार को सुरक्षा नहीं मिल रही है, तो दूरस्थ गांवों में रहने वाले आम लोगों की सुरक्षा का क्या हाल होगा, यह बड़ा सवाल है।
पुलिस अधीक्षक से मांग
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने जिला जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। मांग है कि –
1. तत्काल मौके का निरीक्षण किया जाए। 2. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए। 3. पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। 4. आरती सोनवानी और उनके दो मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
गरीब परिवार को भी भयमुक्त वातावरण में जीने का अधिकार है। अब देखना होगा कि पुलिस इस परिवार को सुरक्षा का भरोसा कब दिलाती है।



